उत्तराखंड

ऋषिकेश में अवैध बिल्डरों की बत्ती गुल” — बंशीधर तिवारी की सख़्ती ने दिया करारा संदेश

ऋषिकेश। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण ने यह साफ कर दिया है कि ऋषिकेश सहित प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध बिल्डरों की मनमानी अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की सख़्त और स्पष्ट नीति के तहत बिना मानचित्र स्वीकृति किए जा रहे बहुमंजिला निर्माणों पर निर्णायक कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने कई अवैध निर्माणों को सील कर दिया।

ऋषिकेश क्षेत्र के निर्मल बाग, ब्लॉक–सी, श्री राम रेजीडेन्सी में राजेश द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण को जांच के दौरान नियमों के प्रतिकूल पाया गया। पूर्व में जारी नोटिसों के बावजूद न तो वैध मानचित्र प्रस्तुत किया गया और न ही संतोषजनक उत्तर दिया गया। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को नियमानुसार सील कर दिया।
इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड, देहरादून स्थित डिफेन्स एन्क्लेव, डांडा नूरीवाला में आयुष तलनिया एवं सुशील तलनिया द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण तथा एकता विहार क्षेत्र में अरुण चड्ढा के अवैध निर्माण पर भी सख़्त कार्रवाई की गई। इन निर्माणों में शहरी नियोजन, संरचनात्मक सुरक्षा और वैधानिक प्रावधानों की खुली अवहेलना पाई गई।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई ने विधवा शांति राणा की जिंदगी बदली

इन कार्रवाइयों को संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देशों पर अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर एवं पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

यह भी पढ़ें 👉  एसजीआरआर विश्वविद्यालय में संस्कृति का महाकुंभ, छात्र प्रतिभा ने रचा इतिहास

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऋषिकेश जैसे संवेदनशील और धार्मिक पर्यटन क्षेत्र में अवैध निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि पर्यावरण और जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले बिल्डरों के विरुद्ध सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी बिना किसी दबाव के जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  निर्धन एवं मेधावी छात्राओं को मिलेगा दो साल का मुफ्त शिक्षा-सहयोग, रजत जयंती वर्ष में विशेष सम्मान

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण पर नियंत्रण के लिए नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में यह कार्रवाई और अधिक व्यापक स्तर पर की जाएगी।

The Latest

To Top