उत्तराखंड

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में सुपरस्पेशलिस्ट इंटरवेंशनल पेन फिजीशियन की एंट्री, अब जटिल दर्द का मिलेगा अत्याधुनिक इलाज

देहरादून। उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने अपनी सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार करते हुए सुपरस्पेशलिस्ट कंसलटेंट इंटरवेंशनल पेन फिजीशियन की सेवाएं प्रारंभ कर दी हैं। इससे अब जटिल एवं लंबे समय से असहनीय दर्द से पीड़ित मरीजों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल से जुड़े डॉ. गिरीश कुमार सिंह, एमडी, डीएम (दर्द प्रबंधन) देश के प्रथम डीएम दर्द प्रबंधन अति विशिष्ट चिकित्सक हैं। उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस एवं एमडी तथा एम्स ऋषिकेश से डीएम (दर्द चिकित्सा) की उपाधि प्राप्त की है। दर्द प्रबंधन के क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव रहा है और वे देश के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
डॉ. रतूड़ी ने बताया कि तीन माह या उससे अधिक समय तक बना रहने वाला पुराना दर्द स्वयं एक गंभीर बीमारी का रूप ले सकता है। यह न केवल शारीरिक कष्ट देता है, बल्कि मानसिक तनाव, अवसाद और जीवन की गुणवत्ता में गिरावट का कारण भी बनता है। ऐसे मामलों में केवल दर्द निवारक दवाएं पर्याप्त नहीं होतीं।
अस्पताल में अब आधुनिक ‘मिप्सी’ तकनीक (मिनिमली इनवेसिव पेन एंड स्पाइन इंटरवेंशंस) के माध्यम से बिना चीरा और बिना बड़े ऑपरेशन के अल्ट्रासाउंड एवं सी-आर्म गाइडेड प्रक्रिया द्वारा दर्द का उपचार किया जा रहा है। यह तकनीक सुरक्षित, कम जोखिम वाली और शीघ्र राहत प्रदान करने वाली मानी जाती है।
कैंसर से संबंधित असहनीय दर्द, कमर व रीढ़ की हड्डी का दर्द, सायटिका, स्लिप डिस्क, गर्दन दर्द, टेल बोन दर्द, कूल्हे का दर्द, नसों का दर्द, माइग्रेन, लगातार सिरदर्द, मांसपेशियों का दर्द, ऑपरेशन के बाद होने वाला पुराना दर्द, अर्थराइटिस एवं गठिया जैसे रोगों से पीड़ित मरीज यहां विशेषज्ञ परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि यदि दर्द लंबे समय तक बना रहता है और सामान्य दवाओं से राहत नहीं मिलती, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने से बड़े ऑपरेशन की आवश्यकता को टाला जा सकता है और मरीज की जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल में शुरू की गई यह सेवा उत्तराखण्ड सहित आसपास के राज्यों के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

यह भी पढ़ें 👉  अध्यक्ष सुंदर रुडोला की पहल पर सजा होली मिलन, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की गरिमामयी उपस्थिति

The Latest

To Top