इंदिरेश अस्पताल की डॉ. पल्लवी कौल ने सोफिया में लहराया परचम, अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिया प्रभावशाली व्याख्यान
देहरादून। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. पल्लवी कौल ने बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट सम्मेलन में आमंत्रित व्याख्यान देकर उत्तराखंड और देश का नाम वैश्विक मंच पर रोशन किया।
सम्मेलन में डॉ. कौल का विषय सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में कार्यरत महिलाओं के रिटेंशन (सेवा में निरंतरता) और प्रोफेशनल प्रोग्रेशन (व्यावसायिक उन्नति) पर केंद्रित रहा। उनके प्रस्तुतीकरण को यूरोप के विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञों ने अत्यंत सराहा तथा इस विषय पर विस्तृत चर्चा भी की गई।
डॉ. कौल ने अपने विद्वत्तापूर्ण विचारों और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से न केवल अस्पताल, बल्कि श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी और एसजीआरआर एजुकेशन मिशन का भी प्रभावशाली प्रतिनिधित्व किया। यह संस्थान के लिए गर्व का विषय है कि उसका नाम सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में प्रशिक्षण, मेंटरशिप और व्यावसायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित हो रहा है।
संस्थान प्रबंधन ने इसे अकादमिक क्षेत्र में बढ़ती पहचान और वैश्विक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के आशीर्वाद से अस्पताल के शैक्षणिक एवं नैदानिक प्रयास निरंतर सशक्त हो रहे हैं और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहे हैं।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर डॉ. पल्लवी कौल को हार्दिक बधाई दी गई है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर संस्थान का प्रतिनिधित्व गरिमा और उत्कृष्टता के साथ किया।


