उत्तराखंड

यूपीएससी में 708वीं रैंक पर ‘फैरुज फातिमा’ को लेकर भ्रम, पिरान कलियर और केरल की युवतियों का दावा

रुड़की। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा–2025 के परिणाम में 708वीं रैंक को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। ‘फैरुज फातिमा’ नाम से दो युवतियों ने इस रैंक पर अपने चयन का दावा किया है, जिससे लोगों में भ्रम पैदा हो गया है।
एक ओर उत्तराखंड के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने खुद को 708वीं रैंक हासिल करने वाली बताया है, वहीं दूसरी ओर केरल की रहने वाली इसी नाम की एक अन्य युवती ने भी यूपीएससी परीक्षा में अपने चयन का दावा किया है। दोनों ही स्थानों पर युवतियों के चयन की खबर फैलते ही खुशी का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग उनका स्वागत कर रहे हैं। उनके घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
हालांकि एक ही रैंक पर दो युवतियों के दावे के कारण स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। अभी तक यूपीएससी की आधिकारिक मार्कशीट जारी नहीं हुई है, जिससे पूरे मामले पर संशय बना हुआ है।
पिरान कलियर निवासी फातिमा का कहना है कि सूची में दिया गया नाम उनका ही है और आयोग द्वारा 15 से 20 दिनों में मार्कशीट अपलोड होने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी। वहीं केरल निवासी फातिमा का भी कहना है कि सूची में आया नाम उनका ही है।
अब असली ‘फैरुज फातिमा’ कौन है और 708वीं रैंक किसे मिली है, इसकी आधिकारिक पुष्टि मार्कशीट जारी होने के बाद ही हो सकेगी।

The Latest

To Top