रुड़की में बजट संवाद: जनकल्याण और विकास पर सरकार का विजन सामने
रुड़की में केंद्रीय बजट की प्रमुख योजनाओं और जनहित से जुड़े प्रावधानों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “बजट संवाद” प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए बजट के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
प्रेसवार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह और जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की प्रमुख घोषणाओं, विकास योजनाओं और विभिन्न वर्गों को मिलने वाले लाभों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना रहा।
नरेश बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत बजट देश की आर्थिक मजबूती को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें युवाओं के लिए रोजगार सृजन, किसानों की आय में वृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण और आधारभूत ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल भारत के विस्तार को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई मजबूती देगा।
डॉ. मधु सिंह ने बजट को “विकास, विश्वास और अवसर” का दस्तावेज बताते हुए कहा कि इससे अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और समाज के हर वर्ग के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। वक्ताओं ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के भविष्य की दिशा तय करने वाला विजन है।
कार्यक्रम में शोभाराम प्रजापति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


