उत्तराखंड

रायवाला में जमीन कब्जे का आरोप, भाजपा नेता ने उठाई न्याय की आवाज

ऋषिकेश। हरिद्वार जनपद के जगजीतपुर निवासी एवं क्रीड़ा भारती के विभाग संयोजक तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंदन सैनी ने रायवाला क्षेत्र में अपनी खरीदी गई संपत्ति पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल से जुड़ी महिला नेत्री सहित दो लोगों पर जबरन कब्जा करने की शिकायत की है।

सोमवार को रायवाला स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित प्रेसवार्ता में चंदन सैनी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में लगभग 15 लाख रुपये में उक्त भूमि खरीदी थी, जिसकी विधिवत रजिस्ट्री उनके पास उपलब्ध है। इसके बावजूद आरोपितों ने कथित रूप से जमीन पर कब्जा कर लिया और वहां अपने नाम का बोर्ड भी लगा दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्तियों के पास संपत्ति से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं। मामले की शिकायत रायवाला कोतवाली में दर्ज कराई गई है। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है, लेकिन आरोपित जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।

चंदन सैनी ने आशंका जताई कि इस पूरे प्रकरण में किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण हो सकता है। उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन के शीर्ष नेतृत्व से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब वह इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाकर न्याय की मांग करेंगे।

प्रेसवार्ता में कमल राजपूत, महक सिंह और राजेश लखेड़ा भी उपस्थित रहे।

The Latest

To Top