विश्व कैंसर दिवस पर इन्दिरेश हॉस्पिटल ने संभाली मोर्चेबंदी, जागरूकता से दी कैंसर को चुनौती
देहरादून। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज एवं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में 4 फरवरी 2026 को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ऑन्कोलॉजी विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नर्सिंग छात्रा के स्वागत संबोधन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. पंकज गर्ग, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. रचित आहूजा, संकाय सदस्य, निर्णायक मंडल एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विश्व कैंसर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कैंसर जागरूकता एवं रोकथाम में नर्सों की अहम भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान विश्व कैंसर दिवस की थीम पर विस्तार से जानकारी दी गई, जिसमें कैंसर के वैश्विक प्रभाव, शीघ्र निदान की आवश्यकता तथा मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत पर बल दिया गया। मुख्य अतिथियों का परिचय एवं सम्मान उपरांत उन्होंने अपने संबोधन में कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक जांच, जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव तथा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अभियानों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
नर्सिंग छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रोल प्ले ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया, जिसमें कैंसर के कारणों, प्रारंभिक लक्षणों, भ्रांतियों और समय पर उपचार के महत्व को सरल एवं जीवंत ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा सत्र में सामान्य कैंसर, जोखिम कारक, बचाव के उपाय एवं उपलब्ध स्क्रीनिंग कार्यक्रमों की जानकारी चार्ट एवं पोस्टर के माध्यम से दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता एवं मॉडल प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने कैंसर जागरूकता, रोकथाम एवं शीघ्र पहचान से जुड़े रचनात्मक पोस्टर और मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) जी. रामलक्ष्मी, मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पोनमारी के., संकाय सदस्यों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने न केवल कैंसर जागरूकता को सुदृढ़ किया, बल्कि नर्सिंग छात्रों की सामुदायिक स्वास्थ्य में भूमिका को भी मजबूती प्रदान की।
—कैंसर जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने साझा की महत्वपूर्ण जानकारियां
विश्व कैंसर दिवस 2026 के अवसर पर दून सैनिक संस्थान में मुख्यालय उत्तराखंड उप क्षेत्र के तत्वावधान में मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून द्वारा कैंसर जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वैश्विक थीम “यूनाइटेड बाय यूनिक” के अनुरूप किया गया, जो व्यक्ति-केंद्रित कैंसर देखभाल और प्रत्येक रोगी की विशिष्ट कैंसर यात्रा पर बल देती है।
कार्यक्रम का उद्घाटन ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन, कमांडेंट, मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून द्वारा किया गया। उन्होंने कैंसर के बढ़ते बोझ पर चिंता व्यक्त करते हुए जागरूकता, शीघ्र निदान और समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप को अत्यंत आवश्यक बताया।
“कैंसर क्यों महत्वपूर्ण है और जागरूकता क्यों आवश्यक है” विषय पर मुख्य व्याख्यान डॉ. पंकज गर्ग, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, शल्य ऑन्कोलॉजी विभाग, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा दिया गया। उन्होंने कैंसर के प्रारंभिक चेतावनी संकेतों की जानकारी देते हुए इससे जुड़े भय और सामाजिक कलंक को दूर करने पर जोर दिया।
इसके पश्चात “तीन सबसे सामान्य कैंसर से निपटना” विषय पर सत्र आयोजित किया गया, जिसे डॉ. पल्लवी कौल एवं डॉ. कनिका कपूर, शल्य ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा संचालित किया गया। सत्र में प्रचलित कैंसर, उनके जोखिम कारक, लक्षण, स्क्रीनिंग प्रक्रियाएं एवं निवारक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवरों के अनुभव साझा सत्र ने उपस्थितजनों को भावनात्मक रूप से प्रेरित किया। वहीं स्वस्थ जीवनशैली एवं कैंसर रोकथाम पर कर्नल आलोक गुप्ता ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू व शराब से परहेज तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र एवं स्वास्थ्य प्रदर्शनी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाया।
कार्यक्रम में सैन्य अधिकारी, जेसीओ, ओआर एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


