उत्तराखंड

गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों को अपनाने का संदेश

हरिद्वार।
भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 का दिन भारत के इतिहास का वह स्वर्णिम क्षण है, जब हमारा संविधान लागू हुआ और भारत एक संपूर्ण प्रभुत्वसंपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
कुलपति ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि कर्तव्यों, मूल्यों और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को स्मरण करने का अवसर है। संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का मार्ग दिखाता है और इन्हीं मूल्यों पर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था टिकी हुई है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से संविधान की आत्मा को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।
प्रो. मेहता लूथरा ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। यहां से निकला प्रत्येक विद्यार्थी देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माणकर्ता है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी ने देश की आज़ादी की लड़ाई में विशेष योगदान दिया है। अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद ने इसी पावन भूमि से स्वतंत्रता आंदोलनों को जन्म दिया। देश की आज़ादी में आर्य समाज और आर्य वीरों का योगदान अविस्मरणीय रहा है। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को शत-शत नमन किया।
इस अवसर पर प्रो. लूथरा ने कहा कि ज्ञान के साथ चरित्र, तकनीक के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। आज का भारत आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि सम विश्वविद्यालय में वर्तमान में 09 संकाय और 25 विभाग संचालित हैं, जहां लगभग 6000 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सत्र 2024-25 में विश्वविद्यालय में 1170 शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं तथा 20 रिसर्च प्रोजेक्ट विभिन्न विषयों पर संचालित हैं। अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में एमटेक तथा कन्या गुरुकुल परिसर में बीटेक (कंप्यूटर विज्ञान) संचालित है। बीटेक और डिप्लोमा छात्रों का गत सत्रों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट रहा है।
कन्या गुरुकुल परिसर, हरिद्वार और देहरादून में उच्च स्तरीय शोध कार्य, सेमिनार, कार्यशालाएं, एनएसएस एवं एनसीसी गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय के खेल विभाग के छात्र-छात्राओं ने हॉकी और बास्केटबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
कुलपति ने सभी शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे मिलकर विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य कर्तव्यनिष्ठा के साथ करें। अंत में उन्होंने संविधान का सम्मान करने, राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा भारत को विश्वगुरु बनाने में योगदान देने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। कन्या गुरुकुल परिसर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, एनएसएस छात्रों ने कविता पाठ किया तथा प्रशांत कौशिक ने स्वरचित कविता का पाठ किया।
इस अवसर पर प्रो. एल.पी. पुरोहित, प्रो. विवेक गुप्ता, प्रो. देवेंद्र कुमार गुप्ता, प्रो. प्रभात कुमार, प्रो. पंकज मदान, प्रो. दिनेश शास्त्री सहित अनेक शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  गणतंत्र दिवस पर रुड़की में संकल्पों की गूंज, मेयर अनीता ललित अग्रवाल ने दिलाई स्वच्छता और एकता की शपथ
SGRRU Classified Ad

The Latest

To Top